Friday 9 December 2011

टाइम के टॉप टेन में अन्ना आंदोलन

न्यूयार्क, एजेंसी : अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को टाइम पत्रिका ने साल की दस सबसे बड़ी खबरों में से एक माना है। सबसे बड़ी खबरों की इस सूची में अरब में हुई जनक्रांति और ओसामा बिन लादेन की हत्या की घटनाएं भी शामिल हैं। टाइम ने 10 सबसे बड़ी खबरों की ऐसी 54 सूचियां जारी की है। यह सूचियां राजनीति, मनोरंजन, व्यापार, खेल और पॉप संस्कृति के क्षेत्रों की हैं। अन्ना का भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन दस सबसे बड़े विश्व समाचारों की सूची में शामिल किया गया है। इस आंदोलन की खबर को अन्ना के अनशन ने भारत को झकझोरा शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। पत्रिका ने लिखा है कि इस साल दुनिया के कई देशों में विरोध प्रदर्शन हुए लेकिन जिस आंदोलन ने असंतोष को सबसे प्रभावशाली तरीके से सामने रखा वो अन्ना का अहिंसात्मक आंदोलन था। भ्रष्टाचार में शामिल राजनेताओं की कारगुजारियों से जूझते देश में इसने सत्तासीन गठबंधन की जड़ें हिला दीं। पत्रिका के अनुसार अन्ना के अनशन ने देश के कई शहरों में विशाल जनसमूह को अपने साथ जोड़ लिया। अन्ना ने यह अनशन भ्रष्टाचार विरोधी जांच इकाई लोकपाल के गठन की मांग को लेकर किया था। उनकी मांग है कि इस विधेयक में जांच के दायरे में भ्रष्ट मंत्रियों के साथ देश के प्रधानमंत्री को भी लाया जाए। भ्रष्टाचार के बड़े घोटालों में देश के कई बड़े नेताओं के नाम आने के बाद यह जनांदोलन छिड़ा। ऐसा समझा जाता है कि भ्रष्टाचार से सबसे अधिक पीडि़त भारत के मध्यम वर्ग ने अपनी कुंठा और निराशा का जवाब सड़कों पर उतर कर दिया। यही सबसे बड़े लोकतंत्र की पहचान बनी। इसके अलावा, पत्रिका ने एक अन्य सूची में भारत के सत्यसाईं बाबा के निधन को भी साल की दस सबसे बड़ी खबरों में से एक बताया है। सत्यसाईं बाबा के निधन की खबर को दस सबसे बड़ी धार्मिक खबरों की सूची में शामिल किया गया है। फिल्मी क्षेत्र में भारतीय अभिनेत्री फ्रीदा पिंटो की हॉलीवुड फिल्म का भी जिक्र है। भारतीय आंदोलन के अलावा अरब देशों की जनक्रांति पर भी टाइम पत्रिका ने न्यूज स्टोरी प्रमुखता से ली है। इसके अलावा अमेरिकी हमले में पाकिस्तान के एबटाबाद में अलकायदा सरगना ओसामा बिन लादेन के मारे जाने की घटना को भी बहुत अहमियत दी गई है। लिबिया के तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी का पतन और यूरोप के आर्थिक संकट को भी सबसे प्रमुख खबरों में स्थान दिया गया। इसके अलावा एक अन्य सूची में ब्रिटेन के राजकुमार विलियम और केट मेंडालटन की शाही शादी, डोनाल्ड ट्रंप व सारा पालिन की राष्ट्रपति पद की दावेदारी, डोमेनिक स्ट्रास सेक्स स्किैंडिल और किम कारदशियान की शादी का रियाल्टिी ड्रामा भी शामिल है।
;