Wednesday 8 June 2011

भुक्कल ने केंद्र से मांगे तीन कॉलेज

चंडीगढ़, जागरण ब्यूरो : 
राज्य की शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय से मेवात के लिए तीन कॉलेज मांगे हैं। वह मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा सलाहकार बोर्ड की बैठक में बोल रही थीं। शिक्षा मंत्री ने मेवात में भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय का क्षेत्रीय केंद्र खोलने का प्रस्ताव भी रखा। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने की। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कॉलेजों को दो शिफ्टों में चलाने पर भी विचार किया जा रहा है। प्रदेश सरकार राज्य में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दे रही है। महेंद्रगढ़ में केंद्रीय विश्वविद्यालय खोला गया है। भुक्कल ने कहा कि मनमानी फीस वसूलने, शिक्षकों को कम वेतन देने और भेदभाव जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाना जरूरी है। भुक्कल ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय की पुस्तक प्रोत्साहन नीति का स्वागत किया और सुझाव दिया कि अच्छे वातानुकूलित पुस्तकालयों की व्यवस्था से छात्रों में पुस्तकें पढ़ने के लिए अधिक रूचि पैदा होगी। बैठक में केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डी. पुरंदेश्वरी, केंद्रीय खेल और युवा मामलों के राज्य मंत्री अजय माकन, विभिन्न राज्यों के शिक्षा मंत्री और शिक्षा सचिव तथा केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
;