Thursday 17 November 2011

बिग बी के घर आई नन्ही परी.ऐश्वर्या राय बच्चन ने सुबह दस बजे बेटी को दिया जन्म

मुंबई, एजेंसियां : बिग बी दादा बन गए हैं। सुपर स्टार अमिताभ बच्चन की बहू ऐश्वर्या राय बच्चन ने बुधवार सुबह यहां सेवेन हिल्स अस्पताल में बेटी को जन्म दिया। अभिनेत्री ऐश्वर्या और उनकी बेटी दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। अभिषेक बच्चन ने अपने ब्लॉग में पिता बनने की खुशी का इजहार किया। उन्होंने हाल में लिखा था कि उन्हें एक बेटी की चाहत है, जो ऐश्वर्या जैसी सुंदर हो। उनकी यह मुराद पूरी हो गई है। नन्ही परी के आगमन की सूचना पाकर अमिताभ भी फूले नहीं समाए। उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा, मैं एक प्यारी सी बच्ची का दादा बन गया हूं, यह दादा बहुत खुश है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक ऐश्वर्या को तड़के चार बजे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। करीब छह घंटे बाद दस बज ने से चंद मिनट पहले ऐश्वर्या ने बेटी को जन्म दिया। ऐश्वर्या को नार्मल डिलीवरी हुई। खुशी के इस मौके पर बच्चन और राय परिवार अस्पताल में मौजूद था। ऐश्वर्या को सोमवार रात अंधेरी पूर्व के इस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बच्चन परिवार ने अस्पताल की छठी मंजिल पर तीन कमरे बुक करा रखे थे। अमिताभ और जया इससे पहले नाना-नानी बन चुके हैं। उनकी बेटी श्वेता और दामाद निखिल नंदा के दो बच्चे हैं अगस्त्य और नव्य नवेली। अभिषेक और ऐश्वर्या की अप्रैल, 2007 में शादी हुई थी।
;