Wednesday 11 April 2012

पात्र अध्यापक संघ की धरना देने की घोषणा

अजय मल्होत्रा,दैनिक ट्रिब्यून
भिवानी, 10 अप्रैल। हरियाणा शिक्षक भर्ती बोर्ड द्वारा पात्रता परीक्षा में छूट देने का नियम बनाये जाने से पहले से परेशान चल रहे पात्रता पास शिक्षकों की नींद उड़ गई है। बोर्ड के फैसले को चुनौती देने के लिए जहां पात्र अध्यापक संघ ने हाई कोर्ट में जाने का मन बनाया है, वहीं सर्व प्रथम जिला स्तर पर, मंडल स्तर पर और बाद में रोहतक में सपरिवार धरना देने की घोषणा कर डाली है। इसके साथ ही जिला स्तर पर होने वाले पात्र अध्यापक संघ के प्रदर्शन के दौरान पात्रता डिग्री की शव यात्रा निकालने और प्रदेश के मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने का ऐलान कर दिया है।
प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में गठित किए गए शिक्षक भर्ती बोर्ड द्वारा लिए गए शिक्षक भर्ती में पात्रता छूट के फैसले से पहले से पात्रता पास लगभग सवा लाख शिक्षकों की नींद उड़ा दी है। एक वेबसाइट द्वारा एकत्रित आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो प्रदेश के सरकारी स्कूलों में खाली पड़े पदों को भरने के लिए एक पद पर तीन पात्र शिक्षकों को लगा दिया जाए तो भी पात्रता पास शिक्षक सड़कों पर रह जाएंगे। ऐसे में शिक्षक भर्ती बोर्ड द्वारा अध्यापक भर्ती में पात्रता पास शिक्षकों के अधिकारों की कथित तौर पर अनदेखी करते हुए पिछले दरवाजे से शिक्षकों की भर्ती किये जाने के संकेत दे दिए गए हैं।
ऐसे में अपनी मेहनत के बल पर प्रदेश में शिक्षक बनने के सपने संजोने वाले सवा लाख भावी शिक्षकों के भविष्य पर तलवार लटकती नजर आ रही है। प्रदेश के शिक्षक भर्ती बोर्ड के उक्त फैसले से पात्रता पास शिक्षक खासे परेशान नजर आ रहे हैं और पात्रता पास शिक्षकों ने भर्ती बोर्ड को इसका जवाब देने के लिए रणनीति भी तैयार कर ली है।  पात्रता पास अध्यापक संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने शिक्षक भर्ती बोर्ड द्वारा लिए गए फैसले पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत पात्रता पास शिक्षकों की अनदेखी का रास्ता है और प्रदेश के मुख्यमंत्री को पात्र अध्यापक संघ तथा उनके परिजन इसके लिए कभी माफ नहीं करेंगे।
शिक्षक भर्ती बोर्ड द्वारा लिए गए फैसले के खिलाफ लामबंद हुए पात्रता पास अध्यापक संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि पात्र अध्यापक संघ सर्वप्रथम 12 अप्रैल, 13 अप्रैल और 14 अप्रैल को जिला स्तरीय प्रदर्शन किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि उसके बाद 15 अप्रैल को मंडल स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे और इसी दौरान पात्रता डिग्रियों की शव यात्रा निकाली जाएगी और प्रदेश के मुख्यमंत्री के पुतले फूंके जाएंगे।  पात्र अध्यापक संघ के प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि इसके बाद में प्रदेश की कांग्रेस सरकार को होश नहीं आया तो पात्र अध्यापक संघ के सवा लाख लोग और उनके परिजना अनिश्चित काल के लिए रोहतक में धरने पर बैठ जाएंगे और उनकी मांगों को पूरा न होने तक वहीं पर जमा रहेंगे। संघ के प्रधान ने बताया कि इस समय माननीय उच्च न्यायाल की छुट्टियां चल रही हैं और छुट्टियां खत्म होते ही करीबन 18 अप्रैल या 19 अप्रैल को शिक्षक भर्ती बोर्ड द्वारा लिए गए फैसले को चुनौती दी जाएगी।
;