Wednesday 1 June 2011

हरियाणा में लागू होगी व्यावसायिक शिक्षा

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली 
हरियाणा की शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने कहा कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने हरियाणा को व्यावसायिक शिक्षा की प्रायोगिक परियोजना शुरू करने के लिए चुना है। इस परियोजना के अन्तर्गत बच्चों को सामान्य शिक्षा के साथ व्यावसायिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे न केवल उनकी दक्षता बढ़ेगी, बल्कि रोजगार पाने में भी उन्हें आसानी होगी। राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा योग्यता फ्रेमवर्क के बारे में आज यहां विज्ञान भवन में आयोजित राज्यों के शिक्षामंत्रियों के समूह की बैठक में भुक्कल ने कहा कि विभिन्न राज्यों में व्यावसायिक शिक्षा के प्रायोगिक चरण में विभिन्न क्षेत्रों को अपनाया जाना जाना चाहिए। उदाहरण के लिए हरियाणा में कृषि, बागवानी, टेक्नॉलोजी और पशुपालन आदि जैसे क्षेत्रों में व्यावसायिक शिक्षा पर जोर दिया जा सकता है। इसी तरह मध्य प्रदेश महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में वहां की आवश्यकता के अनुसार व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र चुने जा सकते हैं। राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा योग्यता फ्रेमवर्क से संबंधित दस्तावेज पर सहमति व्यक्त करते हुए भुक्कल ने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा के विषय को अन्य विषयों के समकक्ष रखा जाना चाहिए। व्यावसायिक शिक्षा पर होने वाले प्रशिक्षण खर्च को केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाना चाहिए और प्रायोगिक चरण के दौरान हरियाणा को तकनीकी सहयोग भी दिया जाना चाहिए। भुक्कल ने कहा कि राष्ट्रीय व्यावसायिक मानदंडों को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया जाना चाहिए और इसके लिए सक्षम पाठयक्रम तैयार किया जाना चाहिए।
;