Wednesday 12 October 2011

हिसार उपचुनाव पूरी कांग्रेस का : मुख्यमंत्री

हिसार, विशेष संवाददाता : मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश को यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने टिकट देकर चुनावी जंग में भेजा है। इसलिए यह चुनाव किसी व्यक्ति विशेष का न होकर पूरी कांग्रेस पार्टी का है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता जी-जान से कांग्रेस उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने में जुट जाए। हुड्डा मंगलवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन हांसी में समाज जोड़ो सम्म्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मिलकपुर, पालुवास, निनान, नाथुवास, कालूवास, सैय, कलिंगा और खरक गांवों में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इन मौकों पर अनेक हजकां, इनेलो और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हांसी शहीदों की धरती रही है। यहां से बहुत से स्वतंत्रता सेनानी हुए हैं। हांसी के साथ अपना रिश्ता जोड़ते हुए हुड्डा ने कहा, मेरे पिता व दादा ने हांसी के स्वतंत्रता सेनानियों के साथ मिलकर अंग्रेजी हुकुमत के खिलाफ आंदोलन में भाग लिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का बलिदान देने का लंबा-चौड़ा इतिहास रहा है और हिसार जिले के स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों का जंगे-ए-आजादी में महत्वपूर्ण योगदान था। इसी बलिदानी पार्टी के उम्मीदवार जयप्रकाश को दिया गया एक-एक वोट शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने विपक्षी पार्टियों के उम्मीदवारों को आडे़ हाथों लेते हुए कहा कि हमारे राज के छह साल और ओमप्रकाश चौटाला के कुशासन के छह साल आपने देखे हैं। इसलिए यह आपको तय करना है कि क्या आप मान-सम्मान देने वाली पार्टी को वोट देंगें या आम आदमी और यहां तक की अपने विधायकों को अपमानित करने वाले लोगों को। उन्होंने कहा कि वोटर के लिए फैसला बड़ा ही आसान है क्योंकि हरियाणा प्रगति के पथ पर है और अगले साढे़ तीन सालों में हमें प्रदेश का और तेजी से विकास करना है। हुड्डा ने कहा कि हांसी के लोग भली भांति जानते हैं कि यहां से सांसद रहते हुए अजय व कुलदीप ने कितने नए कारखाने लगवाए, कितने लोगों को रोजगार दिया। उन्होंने कहा कि रेल लाइन बनने के बाद हांसी और दिल्ली की दूरी कम हो जाएगी। इस अवसर पर राजस्व मंत्री महेंद्र प्रताप, मुख्य संसदीय सचिव विनोद भ्याना, शारदा राठौर, राव दान सिंह, रामकिशन फौजी, विधायक धर्म सिंह छोक्कर, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, कांग्रेस नेता डा. केवी सिंह, पार्षद सुमन शर्मा, कृष्ण जून, युवा कांग्रेस प्रधान रवींद्र कौशिक, महेंद्र सिंह पांचाल, अशोक बुवानीवाला, कर्मवीर सैनी, धर्मवीर गोयत, नवीन पांचाल तथा सन्नी नांदल ने भी जेपी के लिए वोट मांगे।
;