Sunday 17 July 2011

आरटीईटी परीक्षा के लिए जिला स्तर पर संचालन समितियों का गठन

भास्कर न्यूज. बीकानेर.
आरटीईटी परीक्षा के लिए जिला स्तर पर संचालन समितियों का गठन किया गया है। कलेक्ट्रेट में सोमवार को समिति की बैठक होगी।
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर ने जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक को परीक्षा संचालन समिति का सचिव नियुक्त किया है। इन्हें परीक्षा संबंधी दिशा निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड के अतिरिक्त समन्वयक की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों की वीडियोग्राफी होगी। इसके लिए वीडियोग्राफर नियुक्त किए जाएंगे। इसी प्रकार माइक्रो ऑब्जर्वर और फ्लाइंग स्क्वॉयड की भी नियुक्ति की जाएगी। सभी निजी परीक्षा केंद्रों, निजी कॉलेज एवं निजी विद्यालयों पर एक-एक अतिरिक्त केंद्राधीक्षक लगाए जाएंगे। इन्हें फोटो युक्त परिचय पत्र जारी होंगे। परीक्षा केंद्रों पर पांच-पांच वीक्षक सरकारी कॉलेज और स्कूलों के होंगे। उन्हें भी फोटो युक्त पहचान पत्र मिलेंगे। टेट परीक्षा के लिए सभी जिलों में प्रश्न पत्र 29 जुलाई को पहुंच जाएंगे, जिन्हें जिला कोष कार्यालय के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाया जाएगा। परीक्षा के दिन 31 जुलाई की सुबह प्रश्न पत्र निकालने की वीडियोग्राफी होगी। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर दो-दो वीडियोग्राफर नियुक्त किए जाएंगे। इनमें से एक केन्द्र पर्यवेक्षक के और दूसरा माइक्रो ऑब्जर्वर के निर्देशन में काम करेगा।
परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा
टेट परीक्षा के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर दो-दो होमगार्ड व दो-दो राइफल धारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा। कोष कार्यालय से सुबह प्रश्न पत्र इन्हीं राइफल धारी पुलिस बल की सुरक्षा में परीक्षा केन्द्र तक लाए जाएंगे। केन्द्र पर्यवेक्षक और माइक्रो ऑब्जर्वर प्रश्न पत्र लेकर परीक्षा केन्द्र पहुंचेंगे।
;