Sunday 31 July 2011

कुंवारे शिक्षकों का ब्याह कराने में जुटा केंद्रीय विद्यालय संगठन

अविनाश चंद्र, नई दिल्ली केंद्रीय विद्यालय संगठन इन दिनों अपने अविवाहित अध्यापकों व कर्मचारियों का रिश्ता तय कराने में भी प्रभावी भूमिका निभा रहा है। केवीएस की कोशिश से हाथों में मेंहदी रचने के इंतजार में बैठी कई महिला कर्मचारियों के हाथ पीले हो गए तो कई पुरुष अध्यापकों के सिर सेहरा भी बंध गया। देश भर में 1 लाख 30 हजार छात्रों को शिक्षा प्रदान करने में जुटे 1076 स्कूलों के 49,291 अध्यापकों व कर्मचारियों का संचालन करने वाला केवीएस इन दिनों उनका रिश्ता कराने में जुटा है। संगठन ने अपने डाटाबेस से कुंवारे कर्मचारियों की सूची निकाल उनकी सहमति के बाद अपनी वेबसाइट पर जारी करना शुरू किया है। इसके लिए बाकायदा मेट्रिमोनियल नामक अलग कॉलम बनाया गया है। कॉलम में आज लगभग डेढ़ सौ नाम सूचीबद्ध है। इनमें महिला व पुरुष दोनों कर्मचारियों के नाम, पद, पता, फोन नंबर व ईमेल जैसी आवश्यक सूचनाएं शामिल की गई हैं। संगठन के अधिकारियों के मुताबिक यह कॉलम दिनों दिन लोकप्रियता हासिल करता जा रहा है। विश्वसनीय जानकारी होने के कारण अविवाहित लोगों का रिश्ता जुड़ने में तो मदद हो ही रही है रिश्ता करने के इच्छुकों को भी काफी आसानी हो रही है।
;