Wednesday 11 May 2011

देवेंद्र वत्स एचपीएससी के नए चेयरमैन होंगे

चंडीगढ़, जागरण ब्यूरो : हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) के नए चेयरमैन डा. देवेंद्र वत्स होंगे। आरडी श्योकंद का कार्यकाल समाप्त होने के बाद आयोग के सदस्य मनबीर भड़ाना को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। राज्यपाल जगन्नाथ पहाडि़या राजभवन में 10 मई को शाम चार बजे देवेंद्र वत्स को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष फूल चंद मुलाना और सरकार के कई मंत्री व विधायक भी मौजूद रहेंगे। सेना से सेवानिवृत हुए वत्स का पुश्तैनी गांव हिसार का थुराना है पर इस समय देवेंद्र वत्स दिल्ली में रह रहे हैं। उनका एक मकान चंडीगढ़ में भी है। वह फौज में कर्नल डाक्टर थे सो उन्हें कर्नल डॉ. देवेंद्र वत्स के नाम से भी जाना जाता है। देवेंद्र के पिता ईश्वर वत्स पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में न्यायाधीश रहे हैं। देवेंद्र वत्स के भाई सतपाल वत्स महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार हैं। वर्ष 2009 में हुए विधानसभा चुनाव में देवेंद्र वत्स का नाम नारनौंद विधानसभा सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए चला था पर यह सीट भाजपा से कांग्रेस में आए राम कुमार गौतम के हिस्से में चली गई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा फौजियों पर काफी मेहरबान रहे हैं।
;