Wednesday 24 July 2013

एचपीएससी को मिलेंगे अध्यक्ष व चार नए सदस्य

जागरण ब्यूरो, चंडीगढ़ : हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) को लंबे इंतजार के बाद बुधवार या बृहस्पतिवार को अध्यक्ष व चार नए सदस्य मिलने वाले हैं।  कार्यवाहक अध्यक्ष मनबीर भड़ाना एचपीएससी के नए अध्यक्ष होंगे, जबकि अंबाला की सांसद एंव केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के चचेरे भाई जगन्नाथ एवं सोनीपत के सुरेंद्र शर्मा समेत चार नए सदस्यों को शपथ दिलाई जाने वाली है। मुख्यमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव एमएल तायल की धर्मपत्नी सविता तायल और पलवल के डॉ. हरइंदर पाल सिंह को भी एचपीएससी का सदस्य बनाया जा रहा है। अभी तक कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में मनबीर भड़ाना व सदस्य के रूप में जयसिंह सांगवान से ही काम चलाया जा रहा था। जय सिंह सांगवान सदस्य पद पर पूर्व राज्य में भर्तियों के काम को गति प्रदान करने के उद्देश्य से ये नियुक्तियां की जा रही हैं। अध्यक्ष समेत आयोग के सदस्यों की संख्या अब छह हो जाएगी। पहले अध्यक्ष समेत आयोग में नौ सदस्य हुआ करते थे। इन सदस्यों को बुधवार या बृहस्पतिवार को हरियाणा राजभवन में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह की मौजूदगी में राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया द्वारा शपथ दिलाए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने अध्यक्ष व चारों सदस्यों को गैर जाट बिरादरी से लेकर राजनीतिक संतुलन भी बनाने का प्रयास किया है। मनबीर भड़ाना गुर्जर समाज हैं। पेशे से वकील भड़ाना को उनके कार्यवाहक अध्यक्ष के कार्यकाल को देखते हुए अध्यक्ष का पद दिया जा रहा है। कुमारी सैलजा के चचेरे भाई जगन्नाथ अनुसूचित जाति से हैं। उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग से सेवानिवृत्ति लेकर कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा।
;